अमेरिका में अवैध भारतीय आव्रजकों की संख्या 64 प्रतिशत बढ़ी
वाशिंगटन, 10 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका में भारत से आने वाले अवैध आव्रजकों की संख्या में वर्ष 2009 में पिछले 10 वर्षो में तीसरी सबसे बड़ी वृद्धि देखी गई। यहां के कुल अवैध आव्रजकों में भारतीयों का हिस्सा केवल दो प्रतिशत है। यह जानकारी अमेरिका की एक सरकारी रिपोर्ट में दी गई है।
अमेरिका आने वाले अवैध आव्रजकों की संख्या पिछले वर्ष सात प्रतिशत गिरकर 1.08 करोड़ रही।
गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) की रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक अवैध आव्रजक लातिन अमेरिकी देशों से आते हैं। भारत से 200,000 अवैध आव्रजक आते हैं। अमेरिका आने वाले अवैध आव्रजकों की दृष्टि से भारतीयों का छठा स्थान है।
सर्वाधिक अवैध आव्रजक मेक्सिको से (67 लाख या 62 प्रतिशत), अल सल्वाडोर (530,000), ग्वाटेमाला (480,000), होंडुरास (320,000)और फिलीपींस (270,000) से आते हैं।
वर्ष 2000 से 2009 के बीच मेक्सिको के अवैध आव्रजकों की संख्या में 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके विपरीत होंडुरास के अवैध आव्रजकों की संख्या में 95 प्रतिशत, ग्वाटेमाला के अवैध आव्रजकों की संख्या में 65 प्रतिशत और भारत के प्रवासियों की संख्या में 64 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की अर्थव्यवस्था में आई गिरावट के कारण वर्ष 2007 से 2009 के बीच देश में अनधिकृत निवासियों की संख्या में 10 लाख की कमी हुई।
वैश्विक मंदी के अलावा सीमा पर कड़ी चौकसी और अवैध आव्रजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से भी इसमें कमी आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications