पवार को महंगाई की कम, आईपीएल की चिंता अधिक : भाजपा (लीड-2)
महंगाई के मुद्दे पर पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम के दौरान जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, "पवार को महंगाई की नहीं इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की चिंता अधिक है। मुझे नहीं पता कि वह कृषि मंत्री हैं या क्रिकेट मंत्री।"
बढ़ती महंगाई के मद्देनजर सरकार द्वारा कोई कदम न उठाए जाने की आलोचना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "एक अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री देश की अर्थव्यवस्था का प्रबंधन करने में नाकाम रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री को क्रिकेट के लिए एक अलग मंत्रालय गठित कर देना चाहिए और पवार को उसका मुखिया बनाया जाना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतें अर्धशतक (50 रुपये प्रति किलो) और दाल की कीमतें शतक (100 रुपये प्रति किलो) लगा चुकी हैं। लगता है कि स्कोर बनाने के मामले में वे सचिन, सहवाग और धौनी को भी पीछे छोड़ देंगे।
ज्ञात हो कि आईपीएल की सुरक्षा के सिलसिले में पवार ने पिछले दिनों शिव सेना अध्यक्ष बाल ठाकरे से मुलाकात की थी।
दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष का यह पहला कार्यक्रम था इसलिए इसे सफल बनाने में पार्टी की दिल्ली इकाई ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की थीं। गडकरी को मंगलवार को विधिवत तरीके से पार्टी अध्यक्ष चुना गया था।
कार्यकर्ता इस दौरान 'चीनी हुई कड़वी', 'कराह रहा है आम आदमी' और 'जब-जब कांग्रेस आती है, महंगाई साथ में लाती है' जैसे नारे लिखे पोस्टर व बैनर हाथ में लिए नारेबाजी भी कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कृषि मंत्री शरद पवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अनंत कुमार ने इस मौके पर कहा, "हर चीज की कीमतें आसमान छू रही हैं। महंगाई के नाम पर महाघोटाला हुआ है जिसमें मंत्री भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री, सोनिया और पवार भी इसमें शामिल हैं। हमें इसका खुलासा करना है।"
विरोध प्रदर्शन के इस कार्यक्रम में गडकरी के अलावा लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, महासचिव अनंत कुमार और विजय गोयल, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने भी हिस्सा लिया।
ज्ञात हो कि महंगाई के खिलाफ भाजपा ने देशव्यापी आंदोलन छेड़ रखा है। उसके कार्यकर्ता ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी ने आगामी बजट सत्र के पहले दिन संसद का घेराव करने का कार्यक्रम बनाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications