राहुल की यात्रा के बाद मुंबई लोकल ट्रेनों की दशा सुधरेगी!
मुंबई से कांग्रेस के सभी छह सांसदों ने केंद्रीय रेल मंत्री ममता बनर्जी से एक संयुक्त अपील कर लोगों को मुंबई के उपनगरीय इलाकों को ले जाने वाली रेलगाड़ियों को आरामदायक, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने की मांग करने का फैसला किया है।
पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) की अंधेरी-दादर और मध्य रेलवे (सीआर) की दादर-घाटकोपर यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने रेलगाड़ी की यात्रा की असुविधाजनक स्थितियों पर कहा था, "कुछ न कुछ अवश्य किया जाना चाहिए।"
राहुल की इस यात्रा से सबक लेते हुए एक प्रमुख गैर सरकारी संगठन 'एजीएनआई' ने बुधवार को शहर के सभी सांसदों और अन्य महत्वपूर्ण नागरिकों और केंद्रीय रेलवे और पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधकों के बीच बैठक आयोजित की।
ये छह सांसद एक संयुक्त पत्र में मुंबई क्षेत्र में उपनगरीय रेलवे तंत्र के लिए अलग प्रशासनिक इकाइयां बनाने, रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने और उस भूमि को रेलवे के प्रशासनिक नियंत्रण में लाने जैसे मुद्दे उठाएंगे। रेल मंत्रालय को भेजे जाने वाले इस पत्र में सभी रेलवे स्टेशनों पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता का मुद्दा भी शामिल किया जाएगा।
पत्र में मध्य रेलवे और हार्बर लाइन में 12 कोच रेलगाड़ियां शुरू करने के लिए आठ अरब रुपये के बजट आवंटन की मांग की जाएगी। जबकि पश्चिम रेलवे की वर्तमान 15 कोच रेलगाड़ियों के लिए 11 अरब रुपये के आवंटन के लिए कहा जाएगा।
एजीएनआई के प्रबंध न्यासी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य सचिव डी. एम. सुखथांकर ने इन मांगों का घोषणा पत्र तैयार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications