'माई नेम इज खान' की अग्रिम बुकिंग रूकी, शिवसेना के कार्यकर्ता गिरफ्तार (लीड-1)
शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने उन सिनेमाघरों को निशाना बनाया था जहां फिल्म 'माई नेम इज खान' प्रदर्शित होने वाली है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि सुबह तक 1,023 शिवसेना कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इन सभी को दंगा फैलाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने और अतिक्रमण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
विरोध प्रदर्शनों की वजह से बुधवार को पीवीआर और सिनेमैक्स मल्टीप्लेक्स मालिकों ने टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी। इसी तरह एकल पर्दे वाले थियेटरों जैसे मुलुंड स्थित मेहुल और घाटकोपर स्थित श्रेयस में भी बुकिंग रोक दी गई।
सिनेमैक्स के उप महाप्रबंधक गिरीश वानखड़े ने आईएएनएस से कहा, "हमने अब फिल्म के लिए टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी है। बुधवार को शाम चार बजे यह बुकिंग दोबारा शुरू हो सकती है लेकिन अब तक कुछ भी निश्चित नहीं है।"
मेहुल थियेटर के एक अधिकारी प्रमोद माधव ने कहा, "फिल्म के प्रदर्शन के संबंध में कुछ भी निश्चित नहीं है। हमें गुरुवार तक इस विषय में नई जानकारी मिलने की उम्मीद है लेकिन अभी अग्रिम बुकिंग रोक दी गई है।"
टेलीविजन चैनल्स के मुताबिक पीवीआर, बिग सिनेमा, एडलैब्स और फन सिनेमा जैसे मल्टीप्लेक्स में 'माई नेम इज खान' के टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी गई है।
शाहरुख खान द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों को शामिल करने की वकालत करने के बाद से शिवसेना फिल्म के विरोध में प्रदर्शन कर रही है।
मुंबई पुलिस द्वारा 63 सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स में सुरक्षा का आश्वासन देने के बावजूद शिवसेना कार्यकर्ता वहां तोड़-फोड़ कर रहे हैं और फिल्म के होर्डिग्स फाड़ रहे हैं। यहां फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) हिमांशु रॉय ने बुधवार को कहा, "हम इसे फिल्म के प्रदर्शन के लिए खतरे के रूप में नहीं देख रहे हैं, बल्कि यह कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए खतरा है।"
उधर, शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा है कि वह अपनी सुरक्षा खुद लौटा रहे हैं। इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के उद्धव की सुरक्षा वापस लेने की धमकी दी थी।
उद्धव ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मुंबई मेंदो ही सुरक्षित लोग है, जिनमें एक शाहरुख हैं और दूसरा 26/11 का आरोपी अजमल आमिर कसाब।
उद्धव ने शिवसेना के मुखपत्र सामना में कहा, "मेरी सुरक्षा वापस लेने की बात कहने का चव्हाण क्या आशय है? मैं खुद अपनी सुरक्षा लौटा रहा हूं। मेरी सुरक्षा कसाब को मुहैया कराई जा सकती है।"
उद्धव ने कहा कि मुंबई में दो व्यक्ति सबसे अधिक सुरक्षित है, जिनमें एक शाहरुख खान हैं और दूसरा कसाब।
बुधवार सुबह उद्धव के आवास पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। इस संबंध में शिवसेना के प्रवक्ता नीलम गोरे ने आईएएनएस से कहा, "हमने सुरक्षा के लिए नहीं कहा था इसलिए ये हमारे प्रति जवाबदेह नहीं हैं। ये तभी यहां से जाएंगे जब राज्य सरकार उन्हें आदेश देगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications