पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में कोहरे के साथ सर्दी का प्रकोप जारी
इस क्षेत्र के लोगों को सर्दी से कोई राहत नहीं मिली है। कोहरा छाने से सामान्य जीवन प्रभावित है जबकि रेल, सड़क व हवाई परिवहन भी इससे बुरी तरह प्रभावित है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले कुछ दिन तक कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, "घने कोहरे के चलते दृश्यता 50 मीटर तक कम हो गई। अगले कुछ दिन तक कोहरे की यही स्थिति रहेगी और इसके बाद कोहरा छंटने लगेगा। आज (बुधवार) तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।"
पंजाब का अमृतसर इस क्षेत्र का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जो साल के इस समय के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है।
लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.7 और 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया है जो औसत से एक डिग्री कम है।
हरियाणा के अंबाला शहर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से तीन डिग्री कम है। करनाल में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications