हैती में संयुक्त राष्ट्र के अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को मंजूरी
न्यूयार्क, 20 जनवरी (आईएएनएस)। हैती में सुरक्षा की स्थिति में सुधार और राहत कार्यो में सहायता के लिए संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को अतिरिक्त सैनिकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती को मंजूरी दे दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार परिषद ने 'यूएन स्टेबिलाइजेशन मिशन इन हैती' (एमआईएनयूएसटीएएच) को 3,500 अतिरिक्त सैनिकों और पुलिसकर्मियों को तैनात करने की मंजूरी दी। इससे हैती में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर 8,940 हो जाएगी।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने कहा कि अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती से स्पष्ट है कि दुनिया दुनिया हैती के साथ है।
बान ने मंगलवार को कहा कि राहत कार्यो को तेज करने और एक हफ्ते में 10 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की अमेरिकी योजना का संयुक्त राष्ट्र और उसकी एजेंसियां समर्थन करती हैं।
बान ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का व्यक्तिगत सहयोग उनको मिला है, जिन्होंने हैती के लोगों को अधिकतम राहत का वादा किया है।
संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष मानवीय राहत समन्वयक जान होल्मेस ने कहा कि हैती के दूरदराज के इलाकों में खाद्य और अन्य आवश्यक आपूर्ति के लिए हेलीकॉप्टरों का सहारा लिया जा रहा है।
मून ने कहा कि पोर्ट-ओ-प्रिंस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की क्षमता में सुधार किया गया है। राजधानी में 200 भोजन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें रोजाना 200,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications