उत्तर प्रदेश में शीतलहर जारी
लखनऊ, 20 जनवरी(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। घने कोहरे की वजह से राज्य में रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।
राज्य में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा लेकिन नौ बजे तक छंट गया। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा सबसे सर्द स्थान रहा, जहां पारा लुढककर 5.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का सात और इलाहाबाद का 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों की तरफ से आने वाली सर्द हवाएं मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।
राज्य के गोरखपुर और बरेली मंडल में प्रशासन ने कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 20 जनवरी तक बंद रखने को कहा है। प्रदेश के कुछ जिलों में स्कूल खुले हैं।
प्रदेश सरकार की तरफ से सभी 71 जिलाधिकारियों को निर्देश है कि जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
कड़ाके की सर्दी और कोहरे के मद्देनजर कई रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं। दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से राजधानी लखनऊ की तरफ आने वाली रेलगाड़ियां दो से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ानें विलंब से पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications