हमले नहीं थमे तो संबंधों पर पड़ सकता है असर : भारत (लीड-2)
सरकार का यह बयान आस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में 25 साल के एक और भारतीय टैक्सी चालक को गत शनिवार को निशाना बनाए जाने के बाद आया। एक दंपत्ति ने इस टैक्सी चालक पर शनिवार को ही हमला किया था और आस्ट्रेलियाई पुलिस ने टैक्सी चालक पर हमला करने वाले दंपत्ति की तस्वीरें बुधवार को जारी की। बहरहाल, भारत सरकार ने अपने उच्चायुक्त से इस घटना के बारे में रिपोर्ट मांगी है।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर जारी हमले से वह काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा, "जब तक यह हमले नहीं रूकते, दोनों देशों के परस्पर संबंध खासकर शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र, बुरी तरह प्रभावित होंगे। मुझे अभी-अभी इस घटना की जानकारी हुई है। मैंने इस बारे में भारतीय उच्चायुक्त से एक रिपोर्ट मांगी है।"
हमले की यह नई घटना शहर के उत्तरी हिस्से में हुई थी। पुलिस को उम्मीद है कि इन तस्वीरों से लोग हमलावरों को पहचानने में मदद करेंगे। पुलिस का कहना है कि हमले के नस्लीय होने का कोई प्रमाण नहीं है।
समाचार एजेंसी एपीपी के मुताबिक पीड़ित ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि वह शनिवार को रिजर्वायर स्थित समरहिल होटल के पास खड़ा था। करीब 1.25 बजे रात को पांच लोग उसके पास आए और उससे कहीं चलने के लिए कहा। लेकिन उसने निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से इंकार कर दिया। उसने उनमें से सिर्फ एक महिला और एक पुरुष को ही टैक्सी में बैठाया।
पुलिस के मुताबिक महिला अपने मित्रों को टैक्सी में न बैठाने को लेकर चालक पर बहुत नाराज थी। उसके बाद प्लेंटी रोड पर दोनों (महिला व पुरुष) टैक्सी से उतर गए। उतरते ही पुरुष ने चालक को टैक्सी से बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई की। उसके बाद वे दोनों ट्राम में सवार होकर चले गए।
आस्ट्रेलिया में हाल में भारतीयों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। दो भारतीयों की तो मौत हो चुकी है। अब भारतीय टैक्सी चालकों को वहां निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। गत 16 जनवरी को बालारात शहर में एक टैक्सी चालक को निशाना बनाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications