पाकिस्तानी विधायक विस्फोट में घायल
पेशावर, 20 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के अशांत पश्चिमोत्तर इलाके में एक संदिग्ध आतंकी विस्फोट में एक विधायक बुधवार को घायल हो गया। विधायक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
अधिकारियों ने कहा है कि पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के विधायक औरंगजेब राजधानी पेशावर के पहाड़ीपुर इलाके में स्थित अपने घर से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह कार में सवार हुए वहां विस्फोट हो गया। विस्फोट में कार के चिथड़े उड़ गए। औरंगजेब के अलावा चार अन्य लोग भी विस्फोट में घायल हो गए हैं।
एक निजी टीवी चैनल ने लेडी रीडिंग अस्पताल के मुख्य कार्यकारी के हवाले से कहा है कि औरंगजेब को चेहरे में चोटें आई हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं। अलबत्ता उनके सुरक्षाकर्मी की हालत नाजुक बनी हुई है।
ज्ञात हो औरंगजेब के भाई आलमजेब की पिछले वर्ष एक विस्फोट में मौत हो गई थी। वह एनडब्ल्यूएफपी विधानसभा के सदस्य थे। भाई की मौत के कारण खाली हुई सीट के लिए हुए उपचुनाव में औरंगजेब विधायक के रूप में निर्वाचित हुए थे।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने विस्फोट की निंदा की है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications