कुंभ पर्व: बसंत पंचमी पर गंगा में पवित्र स्नान
हरिद्वार, 20 जनवरी (आईएएनएस)। बसंत पंचमी के अवसर पर बुधवार सुबह एक लाख से ज्यादा लोगों ने पवित्र गंगा नदी में स्नान किया। इस दिन देशभर में ज्ञान की देवी सरस्वती की पूजा अर्चना की जाती है।
कुंभ मेला के प्रभारी आनंद वर्धन ने आईएएनएस को बताया, "बसंत पंचमी के अवसर पर सुबह तक एक लाख लोग स्नान कर चुके थे और शाम तक यह संख्या डेढ़ लाख से अधिक तक हो जाने का अनुमान है।"
स्नान करने वालों में ज्यादातर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु, कुछ सौ साधु और विदेशी शामिल थे। वर्धन ने कहा, "उत्तर भारत में देवी सरस्वती की पूजा प्रचलित नहीं है। स्नान के बाद श्रद्धालु सामान्यत: गंगा मैया, भगवान शिव और लक्ष्मी नारायण की प्रार्थना करते हैं।"
इस बीच सुरक्षा व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किए गए हैं।
वर्धन ने कहा, "पुलिस प्रत्येक यात्री व स्नान करने वाले की जांच कर रही है। ये इंतजाम 26 और 30 जनवरी को जुलूस के साथ हरिद्वार आने वाले विभिन्न धार्मिक अखाड़ों को ध्यान में रखकर किए गए हैं।"
नागा साधु इस समय हरिद्वार से तीन किलोमीटर दूर ज्वालापुर में रुके हुए हैं। वे हरिद्वार के माया देवी मंदिर के अपने शिविर में 30 जनवरी को पहुंचेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications