भारतीय पर नस्लीय हमलों की पहले से जानकारी थी : आस्ट्रेलियाई अधिकारी
विक्टोरिया के पुलिस आयुक्त सिमोन ओवरलैंड ने कहा कि डकैती की घटनाओं का शिकार बनने वालों में भारतीयों की संख्या काफी अधिक होती है और इनमें से कुछ के पीछे नस्लीय तत्व हैं।
समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के ऑनलाइन संस्करण के अनुसार एबीसी रेडियो के साथ साक्षात्कार में ओवरलैंड ने कहा, "इस पर कोई सवाल नहीं है, चाहे जो उद्देश्य हो, भारतीय छात्रों को लूट के लिए निशाना बनाया जाता है और यह ठीक नहीं है।"
उन्होंने कहा, "जनता के सामने आने से काफी पहले से हमें समस्या का पता था। हमें दो वर्ष पहले इसका पता था और हम इस पर काम कर रहें हैं। हम छात्रों को खतरों को समझने और उनसे बचने के बारे में जानकारी देने का प्रयास कर रहे हैं।"
ओवरलैंड ने कहा कि पुलिस के पास भारतीय समुदाय पर किए गए हमलों के बारे में विस्तृत जानकारी है। लूट का शिकार होने वालों में उनकी संख्या बहुत अधिक है लेकिन हमलों के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारतीयों पर 50 फीसदी हमले काम के दौरान होते हैं। इसका शिकार होने वालों में आमतौर पर टैक्सी चालक या स्टोर क्लर्क हैं। इनमें से कुछ हमले नस्लीय होते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications