अफगानिस्तान में राष्ट्रपति भवन और मंत्रालयों पर तालिबान का हमला (लीड-4)

काबुल, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में राष्ट्रपति भवन के पास एक इमारत पर आतंकियों द्वारा कब्जा कर लिए जाने और अन्य सरकारी इमारतों पर गोलीबारी शुरू कर देने के बाद काबुल के पूरे मध्यवर्ती इलाके में भीषण लड़ाई छिड़ गई है।

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अधिकारियों ने कहा है कि दो इमारतों पर कब्जा जमाए आतंकियों और सरकारी सुरक्षाकर्मियों के बीच छिड़ी मुठभेड़ समाप्त हो गई है। चार घंटे तक चली इस मुठभेड़ में कुल सात तालिबान हमलावर, दो नागरिक और तीन सुरक्षा अधिकारी मारे गए हैं और 71 लोग घायल हो गए हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय से जारी एक बयान में राष्ट्रपति हामिद करजई ने हमले की निंदा की है और काबुल के नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि शहर पूरी तरह सुरक्षा बलों के नियंत्रण में है।

अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहम्मद हनीफ अतमार ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमला सुबह भीड़भाड़ वाले समय में शुरू हुआ। एक आत्मघाती हमलावर ने सेंट्रल बैंक और राष्ट्रपति भवन के सामने अपने को उड़ा दिया।

पांच मिनट बाद तीन आतंकी 'फॉरेशगाह बुजेर्ग अफगान' शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की पांच मंजिली इमारत में घुस गए और वहां से वित्त मंत्रालय, न्याय मंत्रालय और सेरेना होटल पर गोलीबारी करने लगे।

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मुठभेड़ जारी थी, तब तक एक दूसरे आत्मघाती हमलावर ने विदेश मंत्रालय के पास स्थित एक अन्य शॉपिंग केंद्र को निशाना बनाया।

एक घंटे बाद एक अन्य हमलावर ने एक सिनेमाघर के सामने खुद को उड़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शी अब्दुल हलीम ने कहा कि इस हमले में भी कई लोग मारे गए और जख्मी हुए।

अफगानिस्तान के खुफिया प्रमुख अमरुल्लाह सालेह ने संवाददाताओं को काबुल में सोमवार की शाम बताया कि सुरक्षा बलों ने अंतिम बचे दो आतंकियों को भी मार गिराया, क्योंकि दोनों ने आत्मसमर्पण करने से इंकार कर दिया था।

उसी संवाददाता सम्मेलन में अफगानिस्तान के रक्षा मंत्री अब्दुल रहीम वर्दक ने कहा कि 35 नागरिक उस समय घायल हो गए जब आतंकियों ने शॉपिंग केंद्र के अंदर से हथगोले फेंकने शुरू कर दिए।

वर्दक ने कहा कि मारे गए दो नागरिकों में एक बच्चा भी शामिल है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता फरीद राहिद ने कहा कि घायलों में ज्यादातर को मामूली चोटें आई हैं और इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने अज्ञात स्थान से फोन पर दावा किया कि आत्मघाती हमलावरों सहित करीब 20 आतंकवादी राष्ट्रपति निवास सहित अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाने के लिए काबुल में दाखिल हो गए हैं।

हमले के दौरान कम से कम एक रॉकेट सेरेना होटल के बगीचे में गिरा है। सेरेना होटल काबुल का एकमात्र पांच सितारा होटल है। होटल में मौजूद एक विदेशी मेहमान ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए बेसमेंट में चले गए। होटल उस इमारत से सटा हुआ है, जिस पर आतंकवादियों ने कब्जा किया हुआ है।

उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आतंकवादियों पर काबू पाने के लिए अफगान सुरक्षा बलों को मदद पहुंचाई। नाटो के हेलीकॉप्टर मुठभेड़ स्थल के ईद-गिर्द मंडरा रहे थे।

नाटो के बयान में कहा गया है कि हालात पर काबू पाने के लिए उसके सुरक्षा बल अफगान सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रहे थे। बयान में कहा गया है, "आतंकवादियों ने इन हमलों में छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+