भारत दौरे से संबंधों में आएगी मजबूती : गेट्स
वाशिंगटन, 19 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट एम.गेट्स ने कहा है कि भारत और अमेरिका के सामने उपस्थित समान खतरों को देखते हुए उनके नई दिल्ली दौरे से दोनों देशों के बीच ठोस रक्षा संबंधों में और वृद्धि होगी।
अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार नई दिल्ली की उड़ान में गेट्स ने पत्रकारों से कहा, "चाहे प्रशिक्षण, अभ्यास या रक्षा व्यापार हो हम प्रगति की समीक्षा करेंगे। हम संबंधों का विस्तार कर रहे हैं।"
आतंकवाद को दोनों देशों के लिए एक समान बड़ा खतरा बताते हुए उन्होंने कहा, "वर्ष 2005 में दोनों देशों के बीच हुए रक्षा रूपरेखा समझौते के बाद से ये सभी चीजें महत्वपूर्ण तरीके से बढ़ रही हैं।"
गेट्स ने यह भी कहा कि हाल ही में अमेरिकी परिवहन विमान और अन्य सैन्य उपकरणों की खरीद का फैसला करके अमेरिका और भारत ने एक टिकाऊ रक्षा व्यापार का विकास किया है।
मंगलवार को टाइम्स ऑफ इंडिया में लिखे एक लेख में गेट्स ने कहा कि अमेरिकी रक्षा उद्योग दुनिया के सबसे बेहतरीन उत्पादों का उत्पादन करता है और इसका उपयोग करने से अधिक प्रभावी संपर्क संभव है।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच प्रौद्योगिकी साझेदारी में नजदीकी सहयोग और सूचनाओं का बेहतर द्विपक्षीय प्रवाह संभव है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications