उत्तर भारत में सर्दी कायम, कोहरे से 34 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)
दिल्ली में कोहरे के कारण मंगलवार को भी हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। अधिकारियों के मुताबिक करीब 50 रेलगाड़ियों और कम से कम 38 घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के कार्यक्रमों में परिवर्तन हुआ।
यद्यपि पिछले कुछ सप्ताह से बुरी तरह प्रभावित रही दृश्यता में मंगलवार दोपहर तक सुधार देखा गया था।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह 11 बजे तक हवाई अड्डे पर अल्प दृश्यता प्रणाली का उपयोग किया गया। कोहरे से मुख्य रूप से रात की सेवाएं प्रभावित हुई थीं। सोमवार रात 11 बजे के बाद से केवल अहमदाबाद और मुंबई की दो उड़ानों का संचलन हुआ है। हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली और यहां उतरने वाली कम से कम 13 विमान सेवाओं में देरी हुई है जबकि 25 अन्य विमान सेवाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।"
रेल परिवहन पर भी कोहरे का असर बना हुआ है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता का कहना है कि मंगलवार को कोहरे और खराब दृश्यता की वजह से आठ रेलगाड़ियोंके कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। 38 रेलगाड़ियां विलंब से चल रही हैं जबकि 34 को रद्द करना पड़ा है।
प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "जिन रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है उनमें पूर्वोत्तर एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस शामिल हैं। झेलम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस सहित 38 रेलगाड़ियां तीन घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं और ताज एक्सप्रेस सहित 34 रेलगाडियां रद्द की गई हैं।"
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "मंगलवार की सुबह कोहरा था। इस वजह से सुबह नौ बजे दृश्यता 500 मीटर थी। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से कुछ अधिक था।"
उन्होंने बताया कि अब हवाएं चलने के कारण कोहरा छंट गया है और दोपहर का तापमान 18.9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में मंगलवार की सुबह तापमान में हल्की बढ़त देखी गई। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से कुछ अधिक था।
पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में मंगलवार को घने कोहरे की चादर से आम जन-जीवन प्रभावित हुआ। क्षेत्र में सुबह घना कोहरा छाया रहा, इससे दृश्यता गिरकर 100 मीटर से भी कम रह गई। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत के मैदानों में मौजूद नमी को इसका कारण बताया जा रहा है। मंगलवार को चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब में अमृतसर सबसे सर्द स्थान रहा। वहां का न्यूनतम तापमान मंगलवार को शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पटियाला और लुधियाना का न्यूनतम तापमान 5.5 और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला, हिसार और करनाल का न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9, 6.4 और सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। राज्य में मंगलवार को सबसे सर्द स्थान गया रहा जहां न्यूनतम तापमान 5़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 8़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि ध्रुवीय क्षेत्र से चलने वाली तेज सर्द हवाओं के कारण बिहार में ठंड का प्रकोप जारी है।
उत्तर प्रदेश के लोगों को ठिठुरन से राहत मिलती नहीं दिख रही है। राज्य में मंगलवार को भी शीतलहर का कहर लगातार जारी रहा। बीते दिनों की तरह मंगलवार सुबह भी यहां आसमान में बादल छाए रहे। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को कड़ाके की सर्दी और कोहरे के मद्देनजर उत्तर भारत के कई कई रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को धूप खिलने के बावजूद राज्यभर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications