कनाडा में अलकायदा आतंकवादी को उम्रकैद
टोरंटो, 19 जनवरी (आईएएनएस)। कनाडा में आतंकवादी हमले की साजिश रचने के मामले में अलकायदा के एक आतंकवादी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
जकारिया अमारा (24) को जून, 2006 में उजागर हुए आतंकवादी हमले की साजिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस साजिश को 'टोरंटो-18' नाम दिया गया था। इस साजिश के मामले में 18 मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी हुई थी।
टोरंटो के बाहरी इलाके ब्रैम्टन की एक अदालत ने जकारिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। न्यायधीश ब्रुस डूर्नो ने कहा, "यह नहीं कहा जा सकता कि ये चीजें सिर्फ अन्य देशों में होती हैं। यह चीजें यहां भी होती हैं।"
न्यायधीश ने कहा, "जकारिया ने आतंकवाद से जुड़ा अपराध किया है जिसके भयावह परिणाम हो सकते थे। उसने एक सरगना के रूप में यह अपराध किया है।"
इससे पहले अदालत ने जकारिया के साथी साद गया (22) को 12 साल कैद की सजा सुनाई। न्यायधीश ने अपने फैसले में साद को जकारिका का सहायक करार दिया था।
गौरतलब है कि इस आतंकवादी साजिश में कनाडा की संसद पर हमला करने, प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर को बंधक बनाने और उनका सिर कलम करने की योजना बनाई गई थी। आतंकवादियों ने टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज सहित कई इमारतों को उड़ाने की भी योजना बनाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications