छात्र के आत्मदाह के बाद फिर भड़का तेलंगाना आंदोलन (लीड-1)
हैदराबाद, 19 जनवरी (आईएएनएस)। पृथक तेलंगाना राज्य के गठन में हो रही देरी से क्षुब्ध होकर एक छात्र द्वारा मंगलवार को आत्महत्या किए जाने के बाद यह आंदोलन मंगलवार को और भड़क गया। छात्रों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की ओर से बुधवार को बंद का आह्वान किया गया, जिसे प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है।
छात्रों की जेएसी द्वारा की गई बंद की घोषणा के बाद सर्वदलीय जेएसी की एक आपात बैठक हुई। इस बैठक में छात्रों द्वारा किए गए बंद के आह्वान का समर्थन करने का फैसला लिया गया।
कांग्रेस, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सहित अन्य पार्टियों ने छात्रों से अपील की है कि वे हताश न हों और आत्महत्या जैसे कदम न उठाएं। जेएसी ने यह फैसला भी किया है कि तेलंगाना क्षेत्र के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि बुधवार से इस्तीफा देने का सिलसिला आरंभ करेंगे।
जेऐसी के संयोजक एम. कोडंदरम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पृथक राज्य के गठन की घोषणा की प्रक्रिया में हो रही देरी और कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं की ओर से आ रहे विरोधाभासी बयानों ने क्षेत्र की जनता के मन आशंका पैदा कर दी है, जिसकी वजह से छात्र और अन्य तेलंगाना समर्थक आत्महत्या कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों के भीतर 30 तेलंगाना समर्थक आत्महत्या कर चुके हैं।
इस बीच टीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव सहित जेएसी के अन्य नेताओं ने उस्मानिया विश्वविद्यालय का दौरा किया और छात्रों से चर्चा की। ये नेता उस स्थल पर भी गए जहां वेणुगोपाल रेड्डी के शव को लेकर छात्र धरने पर बैठे हुए हैं।
एमसीए के छात्र वेणुगोपाल ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में आत्मदाह कर लिया था। मंगलवार तड़के विश्वविद्यालय परिसर में उसका शव मिला।
रेड्डी ने आत्महत्या से पहले एक पत्र लिखकर छोड़ा है, जिसमें कहा गया है कि वह तेलंगाना के गठन में हो रही देरी से हताश है और उसे डर है कि हो सकता है नए राज्य का गठन न हो। रेड्डी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पृथक तेलंगाना के गठन में मदद करने की अपील की है।
नलगोंडा जिले का रहने वाला रेड्डी उप्पल के ललिता कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग का छात्र था।
इस आत्महत्या से परिसर में विरोध का माहौल है। छात्रों की जेएसी ने परिसर में शव के साथ विरोध प्रदर्शन आरंभ कर दिया। वे शव को लेकर बैठे हैं और कह रहे हैं कि जब तक कि सरकार रेड्डी के परिवार को 15 लाख रुपये का मुआवजा नहीं देती है वे परिसर में शव के साथ बैठे रहेंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications