आतंकियों को वित्तीय सहायता मुहैया कराता था जैश का आतंकी : सेना
जम्मू, 19 जनवरी (आईएएनएस)। सेना की ओर से मंगलवार को कहा गया है कि आतंकी संगठन, जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का स्वयंभू डिविजनल कमांडर दाऊद खान उर्फ अब्दुल्ला सानी इलाके के आतंकी तंत्र को वित्तीय मदद मुहैया कराता था। सानी को सुरक्षा बलों ने जम्मू एवं कश्मीर के पूंछ इलाके में रविवार को एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था।
सेना के उत्तरी कमान के प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि खान ने न केवल कई आतंकी घटनाओं के लिए दिशा निर्देश दिए थे, बल्कि वह अपने पाकिस्तानी आकाओं द्वारा प्रदान की जाने वाली बड़ी धनराशि के प्रबंधन की जिम्मेदारी भी निभाता था।
यह जानकारी मुठभेड़ स्थल से बरामद हुई एक डायरी से प्राप्त हुई है। उसमें आतंकियों के नाम, उनके शुभचिंतकों के नाम और दाऊद द्वारा बड़ी मात्रा में उन्हें भुगतान की गई धनराशि का उल्लेख है।
दाऊद हथियारों और विस्फोटकों के संचालन में तथा संवर्धित विस्फोटक उपकरणों को तैयार करने में प्रशिक्षित था। इसके अलावा हमला करने में भी वह प्रशिक्षित था। वह इन प्रशिक्षणों के साथ वर्ष 1998 में राज्य में पहुंचा था।
विज्ञप्ति के अनुसार, "वह डोडा, किश्तवाड़, गूल, रामबन, माहोर, राजौरी और पूंछ इलाकों में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकी के रूप में अपनी गतिविधियां चलाता था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications