मारुति वैन में आग लगी, 5 बच्चे झुलसे
शिवपुरी, 19 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में मारुति वैन में आग लग जाने से पांच बच्चे बुरी तरह झुलस गए हैं। इन सभी बच्चों को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिरसौद थाना क्षेत्र के र्ठी गांव में पंचायत चुनाव का प्रचार करने एक प्रत्याशी मारुति वैन से पहुंचा। मारुति वैन में गैस किट लगी हुई थी। प्रत्याशी के गांव में चले जाने पर पांच बच्चे मारुति वैन में सवार हो गए और उन्होंने दरवाजे बंद कर लिए, तभी वाहन में आग लग गई।
मारुति वैन में आग देखते ही गांव में अफरा तफरी मच गई और किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला गया, तब तक पांचों बच्चे बुरी तरह झुलस चुके थे। उन सभी को शिवपुरी के जिला चिकित्सालय से ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया है।
इस हादसे में झुलसे तीन बच्चे एक ही परिवार के हैं। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications