तापमान में हल्की बढ़त, कोहरे से हवाई व रेल यातायात में बाधा (लीड-2)
यद्यपि पिछले कुछ सप्ताह से बुरी तरह प्रभावित रही दृश्यता में मंगलवार दोपहर तक सुधार देखा गया था।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह 11 बजे तक हवाई अड्डे पर अल्प दृश्यता प्रणाली का उपयोग किया गया। कोहरे से मुख्य रूप से रात की सेवाएं प्रभावित हुई थीं। सोमवार रात 11 बजे के बाद से केवल अहमदाबाद और मुंबई की दो उड़ानों का संचलन हुआ है। हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली और यहां उतरने वाली कम से कम 13 विमान सेवाओं में देरी हुई है जबकि 25 अन्य विमान सेवाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।"
रेल परिवहन पर भी कोहरे का असर बना हुआ है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता का कहना है कि मंगलवार को कोहरे और खराब दृश्यता की वजह से आठ रेलगाड़ियोंके कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। 38 रेलगाड़ियां विलंब से चल रही हैं जबकि 34 को रद्द करना पड़ा है।
प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "जिन रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है उनमें पूर्वोत्तर एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस शामिल हैं। झेलम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस सहित 38 रेलगाड़ियां तीन घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं और ताज एक्सप्रेस सहित 34 रेलगाडियां रद्द की गई हैं।"
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "मंगलवार की सुबह कोहरा था। इस वजह से सुबह नौ बजे दृश्यता 500 मीटर थी। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से कुछ अधिक था।"
उन्होंने बताया कि अब हवाएं चलने के कारण कोहरा छंट गया है और दोपहर का तापमान 18.9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications