क्राफ्ट और कैडबरी ने अधिग्रहण की पुष्टि की
लंदन, 19 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन की चाकलेट बनाने वाली सबसे पुराने कंपनी कैडबरी और अमेरिका की प्रमुख खाद्य कंपनी क्राफ्ट फूड्स ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है कि वे एक अधिग्रहण सौदे की शर्तो को अंतिम रूप दे रहे हैं, जिसकी कीमत 11.5 अरब पाउंड (19 अरब डॅालर) हो सकती है।
लंदन स्टाक एक्सचेंज को दिए एक बयान में दोनों कंपनियों ने कहा है कि इस ऐतिहासिक सौदे के बारे में एक आधिकारिक घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी।
इसके पहले बीबीसी ने खबर दी थी कि रातभर चली बातचीत के बाद कैडबरी नए प्रस्ताव पर सहमत हो गई है। कैडबरी ब्रिटेन की 180 साल पुरानी कंपनी है।
कैडबरी ने शुरू में क्राफ्ट फूड्स के प्रस्ताव का पूरी विरोध किया था। उसने कहा था कि उसे कम करके आंका जा रहा है।
लेकिन अंतिम समय में तय हुए एक सौदे में क्राफ्ट ने अपनी बोली 11.5 अरब पाउंड तक बढ़ा दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications