कुछ दिनों में कम होगी महंगाई: राहुल गांधी (लीड-2)
मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आए राहुल गांधी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में महंगाई एक बड़ा मुद्दा है। इस मुद्दे पर उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इसके लिए आवश्यक कदम उठा रही है जिसका असर जल्दी ही नजर आएगा।
पृथक बुंदेलखण्ड के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी पृथक बुंदेलखण्ड राज्य की बात नहीं कही है, उन्होंने यही कहा है कि बुंदेलखण्ड पिछड़ा इलाका है और उसके विकास की जरूरत है। गांधी ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में फैले बुंदेलखण्ड के लोगों के विकास के लिए प्रधानमंत्री से भी बात की है।
राहुल गांधी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि इस क्षेत्र को लेकर समस्या यह है कि यहां विरोधी दलों की सरकारें हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली से जो राशि भेजी जाती है, वह इस क्षेत्र की जनता की सुविधाओं पर खर्च नहीं की जाती। इसकी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की सरकारों पर है।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक सहयोग न मिलने के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश को केंद्र से 1000 करोड़ से बढ़कर 6000 करोड़ रुपये मिले हैं। राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार पर आरोप लगाना आसान है मगर उसके पास इस बात का जवाब नहीं है कि दिल्ली से भेजी गई राशि को ही राज्य सरकार खर्च क्यों नहीं कर पाई हैं।
राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश के युवा और खासकर छात्र राजनीति में आकर हिंदुस्तान को बदलना चाहते हैं लेकिन उसके लिए राजनीति का दरवाजा बंद है, इसीलिए भारतीय छात्र संगठन और युवक कांग्रेस ने चुनाव की लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई गई है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की चुनाव प्रक्रिया में अपराधियों के प्रवेश को रोकने के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications