चार महीने बाद खुले मणिपुर के स्कूल, शैक्षिक सत्र दांव पर
इंफाल, 19 जनवरी (आईएएनएस)। चार महीने की अवधि तक बंद रहे मणिपुर के स्कूलों का दोबारा खुलना एक राहत की बात है लेकिन शिक्षकों और छात्रों में इस शैक्षिक वर्ष को बर्बाद होने से बचाने के लिए मार्च में परीक्षाओं से पहले पाठ्यक्रम पूरा करने की चिंता है।
कक्षा आठ के छात्र मोंटू सिंह को चार-महीने के अंतराल के बाद दोबारा स्कूल जाने की खुशी है लेकिन उसकी उलझन यह है कि वह अपना पाठ्यक्रम कैसे पूरा करेगा।
मोंटू ने आईएएनएस से कहा कि कक्षा में अब तक पाठ्यक्रम का 40 प्रतिशत हिस्सा पढ़ाया जाना बाकी है।
पूर्वोत्तर के इस राज्य में नौ सितम्बर से बंद रहे शैक्षिक संस्थान सोमवार को खुले हैं।
जुलाई में एक युवक की सुरक्षा बलों द्वारा की गई कथित हत्या के विरोध में मुख्यमंत्री ओकरम इबोबी सिंह के इस्तीफे की मांग कर रही ऑल मणिपुर स्टूडेंट्स यूनियन (एएमएसयू) ने स्कूलों और कॉलेजों के अनिश्चित काल तक बंद का आह्वान किया था।
एक स्कूल शिक्षिका अनिता देवी का कहना है कि इतने कम समय में पाठ्क्रम पूरा करना शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए वास्तविक चुनौती है।
एक अन्य स्कूल शिक्षक बसंत सिंह ने बताया कि कई स्कूल प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं लिए बिना ही अपने छात्रों को आगे की कक्षाओं में भेज रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लेकिन हाई स्कूल के छात्रों के साथ ऐसा नहीं किया जा सकता है इसलिए 45 दिनों में उनका पाठ्यक्रम पूरा कराके परीक्षाएं लेना एक चुनौती है।
मुख्यमंत्री द्वारा मामले की जांच की घोषणा करने के बाद ही मामला सुलझ सका है और शैक्षिक संस्थान दोबारा शुरू हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications