राजस्थान में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का प्रचार थमा
राज्य निर्वाचन आयुक्त ए. के. पाण्डे ने बताया कि प्रथम चरण में 20 जनवरी को राज्य के सभी जिलों की 89 पंचायत समिति क्षेत्रों के 390 जिला परिषद सदस्य एवं 1 हजार 915 पंचायत समिति सदस्यों के लिये मतदान प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक होगा। मतदान के लिये 11 हजार 993 मतदान केन्द्र स्थापित किये गये हैं जिसमें 1 करोड़ 12 लाख 2 हजार 897 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निष्पक्ष व शान्ति पूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिये सभी आवश्यक प्रबन्ध कर लिये गये हैं। मतदान दल मंगलवार को अपने गन्तव्य स्थान पर पहुंच कर मतदान केन्द्र स्थापित करेंगे।
प्रथम चरण में अजमेर जिले की पीसांगन, भिनाय व जवाजा पंचायत समिति में मतदान होगा। इसी प्रकार अलवर जिले की नीमराना, तिजारा, रानी, कठूम्बर व बानसूर, बांसवाड़ा जिले की आनन्दपुरी, घाटोल, कुशलगढ़ व गढ़ी, बारां की अन्ता, बारां व अटरू, बाड़मेर की सिवाना, बालोतरा, धौरीमन्ना, भरतपुर की कामां, नगर व डीग, भीलवाड़ा की आसीन्द, रायपुर व माण्डल, बीकानेर की नोखा व डूंगरगढ़, बून्दी की केशोरायपाटन, चित्तौड़गढ़ की निम्बाहेड़ा, बड़ी सादड़ी, डूंगला व भदेसर तथा चूरू जिले की रतनगढ़ व सुजानगढ़ पंचायत समिति में मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications