उप्र में कड़ाके की सर्दी जारी
लखनऊ, 18 जनवरी(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। राज्यभर में बर्फीली हवायें चल रही हैं।
सोमवार सुबह बदली छाने के कारण दिन में धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। पूरे प्रदेश में सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन कहर बरपा रही है।
उधर, सोमवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों के कक्षा आठ तक के स्कूल खुल गये। राज्य सरकार ने इन्हें 17 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किये थे। हालांकि गोरखपुर और बरेली मंडल में जिला प्रशासन ने सर्दी के मद्देनजर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को आगामी 20 जनवरी तक बंद रखने को कहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ का न्यूमतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 11 डिग्री सेल्सियस और बहराइच का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि गत दिनों की बारिश के बाद नमी से पनपा कोहरा ऊपरी वायुमंडल पर छा गया है, इस कारण आने वाले दिनों में धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। सर्दी का प्रकोप बना रहेगा।
घने कोहरे ने रेल और हवाई यातायात को प्रभावित किया है। घने कोहरे को देखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से शनिवार को दिल्ली-लखनऊ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर, और बरेली-इलाहाबाद पैसेंजर को रद्द कर दिया गया।
दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से लखनऊ की तरफ आने वाली रेलगाड़ियां दो से सात घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ाने निर्धारित समय से कुछ देरी के पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications