राहुल ने कहा, 'मैं राजनीति में रिश्तेदारी का उदाहरण हूं' (लीड-1)
राहुल गांधी ग्वालियर और सागर के बाद जबलपुर पहुंचे जहां उन्होंने सेंट एलायसियस कालेज में राजनीति में प्रवेश के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, "आज राजनीति में आने के चार माध्यम हैं। एक ताकत और पैसा, दूसरा कोई रिश्तेदारी, जिसका कि मैं खुद उदाहरण हूं, तीसरा आपकी कोई जान पहचान और चौथा जनता के लिए काम करने और संघर्ष करने की इच्छा।"
उन्होंने राष्ट्रीय एकता को परिभाषित करते हुए कहा कि इस देश में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय है। किसी का बंगाली होना, बुंदेलखण्ड का होना उसकी व्यक्तिगत पहचान हो सकती है, मगर हम है भारतीय ही। व्यक्तिगत पहचान कोई समस्या नहीं है, क्योंकि हम सभी भारत के ही भीतर हैं।
कांग्रेस महासचिव ने ग्वालियर, सागर, जबलपुर और भोपाल में छात्रों के राष्ट्रीय एकता से लेकर राजनीति में प्रवेश से जुड़े तमाम सवालों का जवाब देकर उनका दिल जीत लिया।
राहुल दो दिवसीय प्रवास पर सोमवार को ही मध्य प्रदेश पहुंचे। पहले दिन उन्होंने ग्वालियर, सागर, जबलपुर और भोपाल में छात्रों से सीधा संवाद किया और उनके हर सवाल का जवाब दिया।
सोमवार को जब वह मध्य प्रदेश पहुंचे तो उनका लिबास पूरी तरह छात्रों जैसा था। हमेशा कुर्ता- पायजामे में नजर आने वाले राहुल आज पीले रंग की पतलून, काली शर्ट और उस पर हल्के आसमानी रंग का पूरी बाहों का स्वेटर और स्पोर्टस जूते पहने हुए थे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी रात्रि विश्राम भोपाल में करने के बाद मंगलवार की सुबह इंदौर जाएंगे जहां वह भारतीय प्रबंध संस्थान के छात्रों से संवाद करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications