कसाब का दावा, मारे गए आतंकियों में से 4 भारतीय थे (लीड-1)
मुंबई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई हमले के दौरान जीवित पकड़े गए एक मात्र आतंकी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब ने सोमवार को विशेष अदालत के समक्ष दावा किया है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए हमले के दौरान मारे गए नौ आतंकियों में से चार आतंकी भारतीय थे।
विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने बताया कि विशेष न्यायाधीश एम.एल.ताहिलयानी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराते हुए कसाब ने दावा किया कि मृत आतंकियों में से एक कश्मीर से था, दूसरा गुजरात से तथा दो आतंकी 'बांबे' से थे।
कसाब ने कहा, "जिस अबु अली नामक व्यक्ति की तस्वीर मुझे दिखाई गई थी, वह कश्मीरी था। अबु इस्माइल नामक व्यक्ति 'बांबे' से था इसके अलावा एक और आतंकी 'बांबे' से था और तीसरा गुजरात से था।"
निकम ने आईएएनएस को बताया, "कसाब का झूठ बोलने और गुमराह करने का नाटक जारी है, लेकिन अभियोजन पक्ष का मामला बहुत मजबूत है। उसके उलजुलूल दावे हमारे पक्ष को कमजोर नहीं कर पाएंगे।"
जब कसाब से यह पूछा गया कि उसे इस बारे में कैसे जानकारी मिली तो कसाब ने कहा कि यह अबु अली के मोबाइल फोन के सिम कार्ड में दर्ज था, जिसे उसे दिखाया गया था।
अबु इस्माइल के बारे में उसने कहा कि उसके रंगरूप से स्पष्ट था कि वह 'बांबे' से था।
विशेष अदालत में कसाब का बयान संभवत: दो दिनों के भीतर पूरा हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications