नक्सलियों ने गया-पटना मार्ग पर पटरी उड़ाई

पुलिस के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 60-70 नक्सलियों ने जहानाबाद और नंदौल रेलवे स्टेशन के बीच सलेमपुर गांव के नजदीक रेलवे केबिन पर हमला किया। नक्सलियों ने केबिन में लगे सिस्टम को तहस-नहस कर दिया तथा पटरी को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया।
मामले की जांच शुरू
जहानाबाद राजकीय रेलवे पुलिस के निरीक्षक हेमंत लाल के मुताबिक विस्फोट से तीन से चार फीट पटरी को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इस रेलखंड पर चलने वाली रेलगाड़ियां विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर खड़ी हैं। यह बिहार और झारखण्ड को जोड़ने वाला मुख्य रेलमार्ग माना जाता है।
भाकपा (माओवादी) ने शुक्रवार की देर रात पटना में गिरफ्तार सुबोध उर्फ आनंद की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को बिहार और झारखण्ड में बंद का आह्वान किया है। गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने करीब 18 लाख रुपये और नक्सली साहित्य बरामद किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications