बसु की अंतिम यात्रा में शामिल होंगी शेख हसीना व सोनिया गांधी
कोलकाता/नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को दिवंगत मार्क्सवादी नेता ज्योति बसु की अंतिम यात्रा में शामिल होंगी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव बिमान बोस ने यहां मीडियाकर्मियों को बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी केंद्र सरकार की ओर से अंतिम यात्रा में उपस्थित होंगे।
बोस ने कहा कि शहरी विकास मंत्री एस.जयपाल रेड्डी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने कहा है कि जिस समय बसु का शव 'पीस हैवेन' नामक शव मंजूषा से निकाला जाएगा और उसे एक सरकारी अस्पताल को सौंपा जाएगा, उस समय वे वहां उपस्थित रहेंगे।
बसु की अंतिम यात्रा में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद भी कोलकाता पहुंच रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी और जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव मार्क्सवादी नेता के अंतिम दर्शन के लिए मंगलवार को अपराह्न् कोलकाता पहुंच जाएंगे। बसु का शव अंतिम दर्शन के लिए मंगलवार को राज्य विधानसभा परिसर में रखा जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने नई दिल्ली में इस बात की पुष्टि की है कि सोनिया गांधी मंगलवार को कोलकाता जा रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications