उत्तर भारत में कोहरे की वापसी, जनजीवन प्रभावित (राउंडअप)
दिल्ली में उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे की वजह से कम से कम 24 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया और 18 गाड़ियां देरी से चल रही थीं। खराब दृश्यता के कारण अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस, झांसी-लखनऊ एक्सप्रेस के साथ 22 अन्य रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। कोहरे की वजह से नार्थ ईस्ट और ताज एक्सप्रेस के साथ चार गाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है। यद्यपि, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर उड़ानों की आवाजाही सामान्य रही।
आईजीआई के प्रवक्ता ने बताया, "सुबह हल्का कोहरा था लेकिन इससे उड़ानों में कोई बाधा नहीं आई। रनवे पर दृश्यता 1,500 मीटर से अधिक रही जबकि नए रनवे पर यह 1,200 मीटर से अधिक रही। " श्रीनगर, अमृतसर और चण्डीगढ़ में कोहरे के कारण वहां उड़ानों में देरी हुई।
पंजाब और हरियाणा के विभिन्न भागों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह गई। दृश्यता में कमी से सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।
अमृतसर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला और लुधियाना अपेक्षाकृत गर्म रहे जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार रात से ही इस क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा जो सोमवार नौ बजे तक भी नहीं छंटा। कोहरे की वजह से दृश्यता 100 मीटर से नीचे चली गई जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।"
अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल में 7.2 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में दिन के तापमान में काफी सुधार हुआ लेकिन वहां और लद्दाख क्षेत्र में रात का तापमान लगातार शून्य से नीचे बना रहा।
श्रीनगर में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया,"श्रीनगर में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
अधिकारी ने बताया कि लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में तापमान में जरा सी बढ़ोतरी हुई जबकि केलांग सबसे सर्द रहा और वहां का तापमान शून्य से 9.9 नीचे दर्ज किया गया। अन्य जगहों पर रात के तापमान में थोड़ी बढो़तरी हुई। मंडी जिले के सुंदरनगर और कुल्लू जिले के भुंतर में रात का तापमान क्रमश: 1.3 और 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लाहौल और स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में तापमान शून्य से 9.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया वहीं किन्नौर के कलपा में तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
उधर, पटना सहित बिहार के सभी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के कारण पारा लुढ़कने और चढ़ने का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को रविवार की तुलना में पारा करीब तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे ठंडा क्षेत्र गया रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 10़ 2 डिग्री सेल्सियस तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
राज्य सरकार ने सर्दी के मद्देनजर मंगलवार तक सरकारी तथा गैर सरकारी विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी रहा। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों के कक्षा आठ तक के स्कूल खुल गए जबकि गोरखपुर और बरेली मंडल में जिला प्रशासन ने सर्दी के मद्देनजर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को आगामी 20 जनवरी तक बंद रखने को कहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ का न्यूमतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 11 डिग्री सेल्सियस और बहराइच का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव दिखा। सोमवार को कोहरे को मात देकर कई हिस्सों में निकली धूप ने लोगों को काफी राहत दी। वहीं कई इलाके अब भी कोहरे की गिरफ्त में हैं और ठंडी हवाएं अब भी जारी है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह भोपाल में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में पांच से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया।
उड़ीसा में शीतलहर के लौटने से कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। कंधमाल जिले के फुलबानी शहर में रविवार को दिन का सबसे कम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी उड़ीसा के सुंदरगढ़, बोलांगीर और भबानीपटना में तापमान क्रमश: 9.9, 10.0 और 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भुवनेश्वर और तटीय शहर पुरी में न्यूनतम तापमान 15.7 और 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications