हूजी का दक्षिण भारत प्रमुख हैदराबाद में गिरफ्तार
हैदराबाद, 18 जनवरी (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को बांग्लादेश के हरकत-उल-जिहाद-ए-इस्लामी (हूजी) के एक कथित आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। इसे हूजी की दक्षिण भारत में होने वाली कार्रवाइयों का प्रमुख जिम्मेदार बताया जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आतंकवादी को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया और दावा किया कि अब्दुल ख्वाजा उर्फ अमजद को यहां अफजलगंज से गिरफ्तार किया गया है।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त बी. प्रसाद राव ने पत्रकारों से कहा कि अमजद ने पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त किया था और वह पांच साल पहले यहां पुलिस आयुक्त के कार्यबल कार्यालय पर हुए बम हमले में शामिल था।
भारी सुरक्षा वाले बेगमपेट इलाके में 12 अक्टूबर 2005 को कार्यबल कार्यालय में हुए विस्फोट में एक पुलिसकर्मी की हत्या हो गई थी। इस संदिग्ध आत्मघाती हमले में एक बांग्लादेशी डैलिन भी मारा गया था।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि अमजद का पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई), लश्कर-ए-तोयबा और जैश-ए-मोहम्मद से भी संबंध है।
हैदराबाद का रहने वाला अमजद यहां के एक अन्य निवासी शाहिद बिलाल की मदद से 2003 में प्रशिक्षण के लिए सउदी अरब होता हुआ पाकिस्तान गया था। शाहिद बिलाल भी दक्षिण भारत में हुई कई आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहा है।
साल 2007 में पाकिस्तान में एक मुठभेड़ के दौरान बिलाल की मौत हो जाने के बाद अमजद बांग्लादेश चला गया था और हूजी का सक्रिय सदस्य बन गया था।
पुलिस ने बताया कि वह नकली भारतीय मुद्रा के संचलन में भी लिप्त था। पुलिस प्रमुख ने कहा, "हमारे पास जानकारी है कि वह और उसके साथी एक करोड़ रुपये की नकली भारतीय राशि के संचलन में लिप्त थे।"
अमजद ने पुलिस को बताया है कि गुजरात पुलिस के एक दल द्वारा 2004 में की गई शहर के एक युवक मुजाहिद सलीम की हत्या का बदला लेने के लिए उन्होंने कार्यबल कार्यालय पर हमला किया था। सलीम की हत्या उस वक्त हुई थी जब एक मौलवी के कुछ समर्थक उसे गुजरात ले जाने का विरोध कर रहे थे। गुजरात के गृह मंत्री हरेन पंड्या की हत्या से मौलवी का संबंध होने की वजह से उसे वहां ले जाया जा रहा था।
आयुक्त ने कहा, "उनकी पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त और कार्यबल कार्यालय पर हमले की योजना थी लेकिन उन्होंने पहले कार्यबल कार्यालय पर हमला किया क्योंकि यह उनके लिए आसान निशाना था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications