पुरंदेश्वरी ने रामाराव को 'भारत रत्न' से अलंकृत करने की मांग की
हैदराबाद, 18 जनवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के संस्थापक एन.टी.रामाराव की 14 वीं पुण्यतिथि के मौके पर राज्यभर में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पुण्य तिथि के अवसर पर रामाराव की पुत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री डी.पुरंदेश्वरी ने अपने पिता को 'भारत रत्न' से अलंकृत किए जाने की मांग की।
हैदराबाद में हुसैन सागर झील के किनारे एनटीआर घाट पर बनी समाधि पर परिवार के सदस्यों ने फिल्म अभिनेता से राजनेता बने रामाराव को श्रद्धांजलि दी।
पुण्यतिथि के मौके पर तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख और एन.टी.रामाराव के दामाद एन.चंद्रबाबू नायडू, पुत्र हरिकृष्णा और प्रपौत्र जूनियर एनटीआर और परिवार के अन्य सदस्य एनटीआर घाट पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
रामाराव की पुत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री डी.पुरंदेश्वरी और उनके पति डी. वेंकटेश्वर राव भी श्रद्धांजलि देने एनटीआर घाट गए। कांग्रेस से जुड़े इस दंपति ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि रामाराव को देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से अलंकृत किया जाए।
उधर, रामाराव की दूसरी पत्नी लक्ष्मी पार्वती भी अपने पति को श्रद्धांजलि देने के लिए एनटीआर घाट पहुंची। श्रद्धांजलि देने के दौरान वह रो पड़ीं। बाद में उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "जिन लोगों ने उनके पति की पीठ में छुरा घोंपा है वह कभी चैन से नहीं रह पाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications