काबुल में राष्ट्रपति निवास के करीब हमले के बाद गोलीबारी (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विदेश मंत्रालय के समीप की इमारत को एक आत्मघाती हमलावर ने निशाना बनाया। निजी टेलीविजन चैनल 'तोलो' के अनुसार इस हमले में कई लोग हताहत हो गए।
एक घंटे बाद एक अन्य हमलावर ने एक सिनेमाघर के सामने खुद को उड़ा लिया। प्रत्यक्षदर्शी अब्दुल हलीम ने कहा कि इस हमले में भी कई लोग मारे गए और जख्मी हुए।
आतंरिक मंत्रालय के प्रवक्ता जमाराई बशरी ने इस बात की पुष्टि की कि आतंकवादियों ने सिनेमाघर की इमारत पर कब्जा कर लिया था।
दो आत्मघाती हमलावरों ने खुद को उड़ा लिया जबकि अफगान सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। काबुल के मध्य हिस्से में भीषण गोलीबारी हुई। स्थानीय लोग वहां से सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
बशरी ने कहा कि आतंकवादियों के कब्जे से सभी इमारतों को मुक्त करा लिया गया और सुरक्षाकर्मी इलाके में बचे हुए आतंकवादियों की तलाश में लगे हैं।
तालिबान प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने अज्ञात स्थान से फोन पर दावा किया कि आत्मघाती हमलावरों सहित करीब 20 आतंकवादी राष्ट्रपति निवास सहित अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाने के लिए काबुल में दाखिल हो गए हैं।
क्षेत्र में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने राष्ट्रपति निवास के दक्षिणी द्वार, वित्त और न्याय मंत्रालयों पर गोलीबारी की। आतंकवादियों ने 'फारेसगाह बुजेर्ग अफगान' नाम के एक शॉपिंग काम्पलेक्स की आड़ से गोलियां बरसाईं।
कम से कम एक रॉकेट सेरेना होटल के बागीचे में गिरा। सेरेना होटल काबुल का एकमात्र पांच सितारा होटल है। होटल में मौजूद एक विदेशी मेहमान ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए बेसमेंट में चले गए। होटल उस इमारत से सटा हुआ है, जिस पर आतंकवादियों ने कब्जा किया।
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आतंकवादियों पर काबू पाने के लिए अफगान सुरक्षा बलों को मदद पहुंचाई जा रही है। नाटो के हेलीकॉप्टर मुठभेड़ स्थल के ईद-गिर्द मंडरा रहे थे।
नाटो के बयान में कहा गया है कि हालात पर काबू पाने के लिए उसके सुरक्षा बल अफगान सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। शॉपिंग काम्प्लेक्स के निकट से कई छोटे धमाकों की सूचना है। बयान में कहा गया है, "आतंकवादियों ने इन हमलों में छोटे हथियारों का इस्तेमाल भी किया।"
हताहत होने वालों के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications