पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे से सड़क और रेल यातायात प्रभावित
चंडीगढ़, 18 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न भागों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह गई। दृश्यता में कमी से सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।
पंजाब का धार्मिक शहर अमृतसर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान यहां पर वर्ष के इस समय रहने वाले औसत तापमान से चार डिग्री नीचे है।
पटियाला और लुधियाना अपेक्षाकृत गर्म रहे जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां भी सुबह घना कोहरा छाया रहा।
मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, " रविवार रात से ही इस क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा जो सोमवार नौ बजे तक भी नहीं छंटा। कोहरे की वजह से दृश्यता 100 मीटर से नीचे चली गई जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।"
अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल में 7.2 डिग्री सेल्सियस और हिसार में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की वजह से कई रेलगाड़ियों में देरी हुई और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications