प्रधानमंत्री से नक्सल विरोधी अभियान पर चर्चा करेंगे सोरेन
नई दिल्ली रावाना होने से पहले रविवार शाम सोरेन ने संवाददाताओं से कहा, "सबसे पहले इस बात की शिनाख्त होनी चाहिए कि नक्सली कौन लोग हैं। हम प्रधानमंत्री के साथ कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसमें प्रस्तावित नक्सल विरोधी अभियान भी शामिल है।"
विगत 30 दिसम्बर को झारखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सोरेन ने कहा कि प्रस्तावित नक्सल विरोधी अभियान राज्य सरकार की अनुमित के बिना नहीं आरंभ हो सकता।
सोरेन ने कहा, "हम केंद्र सरकार से बात करेंगे। इस तरह का कोई अभियान राज्य सरकार की सहमति के बगैर नहीं चलाया जा सकता।"
इससे पहले सोरेन ने स्थानीय मीडिया के जरिए नक्सली किशनजी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था।
राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "नक्सलियों को लेकर सरकार के पास स्पष्ट नीति होनी चाहिए। अगर सरकार बातचीत करना चाहती है तो वह एक स्पष्ट नीति के साथ आगे बढ़े, अन्यथा नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।"
झारखण्ड पुलिस संगठन के संयुक्त सचिव डी.एन. सिंह ने कहा, "मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि नक्सलियों के खिलाफ कोई अभियान नहीं चलाया जाएगा। नक्सली सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर रहे हैं और उन्हें भाई कहा जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications