अमर के जाने से पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा : सपा महासचिव
लखनऊ, 18 जनवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सभी पदों से अमर सिंह के इस्तीफे की मंजूरी को पार्टी हित में करार देते हुए पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि भविष्य में अगर सिंह सपा छोड़ देते हैं तो इससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
सपा महासचिव एवं मुलायम सिंह के करीबी माने जाने वाले रामजी लाल सुमन ने सोमवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 'नेताजी' जो भी फैसला करते हैं, वह पार्टी हित में ही होता है। वैसे भी अमर सिंह ने स्वयं ही कहा है कि वह खराब स्वास्थ्य के कारण पार्टी को समय नहीं दे पाएंगे। किसी एक व्यक्ति के सक्रिय न होने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता।
अमर सिंह के पार्टी छोड़ने की अटकलों पर सपा महासचिव ने कहा कि पार्टी बहुत बड़ी होती है, अमर सिंह के रहने या न रहने से उसपर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमर सिंह के पहले भी तो पार्टी चल रही थी, 'नेताजी' दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन चुके थे।
सपा के महासचिव अशोक वाजपेई ने कहा कि किसी एक व्यक्ति के न होने से किसी पार्टी के कामकाज में कोई रूकावट नहीं आती और सब कुछ पूर्ववत चलता रहता है। वाजपेई ने कहा कि अमर सिंह ने पार्टी के लिए काफी कुछ किया, इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन पार्टी किसी एक व्यक्ति से बड़ी होती है।
सपा के एक अन्य राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं से राय मशविरा करने के बाद ही 'नेताजी' ने अमर सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया है। वर्मा ने भी कहा कि पार्टी बहुत बड़ी होती है, लोग आते-जाते रहते हैं।
अमर सिंह के बाद क्या अब पार्टी के दूसरे महासचिव संजय दत्त का भी इस्तीफा स्वीकार होना चाहिए। इस सवाल पर तीनों नेताओं ने कहा कि संजय दत्त कोई राजनीतिक हस्ती नहीं हैं। उनके रहने या न रहने से पार्टी को कोई खास लाभ नहीं होगा, पार्टी के हित में जो भी फैसला होगा वह राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव करेंगे।
मुलायम के भाई रामगोपाल यादव द्वारा लगाए गए आरोप कि अमर सिंह ने पार्टी का सत्यानाश किया, से क्या वे लोग सहमत है। इस पर रामजी सुमन ने कहा कि रामगोपाल यादव कभी कोई हल्की या गलत बात नहीं करते। वह हर बात नाप-तौल कर कहते हैं। वर्मा ने इस पर कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार किया।
ज्ञात हो कि रविवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। लखनऊ मुख्यालय से अमर सिंह को एक फैक्स भेजा गया जिसमें मुलायम सिंह ने अमर सिंह को संबोधित करते हुए कहा, "गत छह जनवरी को आपने सपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। मैं दुखी मन से आपके इस्तीफे को स्वीकार करता हूं। आपने सपा को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किए। इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications