ज्योति बसु के निधन पर पश्चिम बंगाल में शोक की लहर
कोलकाता के जिस शवगृह 'पीस हैवेन' में बसु का शव रखा है उसके सामने भीड़ लगी हुई है। बसु का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा।
शवगृह के चारों ओर आधे झुके लाल झंडे लगाए गए हैं और एक मुख्यद्वार के समीप एक लाल बैनर पर 'ज्योति बसु अमर रहें' लिखा गया है।
शवगृह के बाहर खड़े जादवपुर के जयदीप मजूमदार ने कहा, "मैं पूरे दिन यहां खड़ा रहूंगा। मैं उनकी कुछ बहुत बड़ी रैलियों में उपस्थित रहा हूं। उनके भाषणों को सुनना हमेशा प्रेरणास्पद होता था।"
राज्य सरकार ने मंगलवार तक दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है और वर्ष 1977 से 2000 तक राज्य में वाम मोर्चा सरकार का नेतृत्व करने वाले बसु के सम्मान में सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
राज्य में माकपा के बंगाली भाषा के मुखपत्र गणशक्ति ने सोमवार को अपने मुख्यपृष्ठ पर लाल झंडों की पृष्ठभूमि में बसु का पूरे पृष्ठ का फोटो छापा है और छोटा लेकिन भावनात्मक शीर्षक 'बिदाई' लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications