काबुल में सरकारी इमारतों पर आतंकवादियों ने धावा बोला (लीड-1)
काबुल, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अनगिनत तालिबानी आतंकवादियों ने राष्ट्रपति निवास के करीब एक इमारत पर कब्जा कर लिया। उस क्षेत्र से विस्फोटों और गोलियों की आवाजें आ रही हैं। यह जानकारी पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विदेश मंत्रालय के समीप की इमारत को एक आत्मघाती हमलावर ने निशाना बनाया। निजी टेलीविजन चैनल 'तोलो' के अनुसार इस हमले में कई लोग हताहत हो गए।
काबुल के मध्य हिस्से में भीषण गोलीबारी जारी है। स्थानीय लोग वहां से सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आतंकवादियों पर काबू पाने के लिए अफगान सुरक्षा बलों को मदद पहुंचाई जा रही है। नाटो के हेलीकॉप्टर मुठभेड़ स्थल के ईद-गिर्द मंडरा रहे हैं।
तालिबान प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने अज्ञात स्थान से फोन पर दावा किया कि आत्मघाती हमलावरों सहित करीब 20 आतंकवादी राष्ट्रपति निवास सहित अन्य सरकारी इमारतों को निशाना बनाने के लिए काबुल में दाखिल हो गए हैं।
क्षेत्र में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने राष्ट्रपति निवास के दक्षिणी द्वार, वित्त और न्याय मंत्रालयों पर गोलीबारी की है। आतंकवादी 'फारेसगाह बुजेर्ग अफगान' नाम के एक शॉपिंग काम्पलेक्स की आड़ से गोलियां बरसा रहे हैं।
उन्होंने बताया, "पुलिस, सुरक्षा बल और खुफिया दस्ते इमारत पर धावा बोलने की तैयारी कर रहे हैं।"
कम से कम एक रॉकेट सेरेना होटल के बागीचे में गिरा है। सेरेना होटल काबुल का एकमात्र पांच सितारा होटल है। होटल में मौजूद एक विदेशी मेहमान ने बताया कि वह अपने सुरक्षा के लिए बेसमेंट में चले गए। होटल उस इमारत से सटा हुआ है, जिस पर आतंकवादियों ने कब्जा कर रखा है।
नाटो के बयान में कहा गया है कि हालात पर काबू पाने के लिए उसके सुरक्षा बल अफगान सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। शॉपिंग काम्प्लेक्स के निकट से कई छोटे धमाकों की सूचना है। बयान में कहा गया है, "आतंकवादियों ने इन हमलों में छोटे हथियारों का इस्तेमाल भी किया।"
हताहत होने वालों के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications