ज्योति बसु की हालत अति नाजुक, अमिताभ पहुंचे देखने (राउंडअप)

इस बीच अपने सरकारी दौरे पर कोलकाता में मौजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 95 वर्षीय बसु के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। यहीं पर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शाम को अस्पताल जाकर बसु का हालचाल लिया।

एएमआरआई अस्पताल की ओर से जारी एक चिकित्सा बुलेटिन में कहा गया है, "बसु की हालत अभी भी अति नाजुक बनी हुई है। उन्हें पूरी तरह वेंटीलेटर पर रखा गया है और उनके लगभग सभी अंग जवाब दे गए हैं।"

बयान में कहा गया है, "उनका अब धीमा, निम्न क्षमता वाला दैनिक डायलसिस किया जा रहा है।"

इसके पहले बसु की देख-रेख में लगे आठ सदस्यीय चिकित्सकों के दल के प्रमुख, ए.के. मैती ने यहां संवाददाताओं को बताया था, "बसु के शरीर के पांच अंग-मस्तिष्क, जिगर, गुर्दे, फेफड़े और ह्दय काम नहीं कर रहे हैं। उनकी हालत बिल्कुल भी ठीक नहीं है।"

उन्होंने बताया कि एएमआरआई अस्पताल के गुर्दा रोग विशेषज्ञों ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञों से कल रात बसु के इलाज के बारे में विचार-विमर्श किया था। उन्होंने कुछ दवाओं में बदलाव किया है।

इससे पहले अस्पताल के स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया था कि बसु की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनका रक्तचाप कम हो गया है। बसु के बहुत से अंगों ने शुक्रवार रात काम करना बंद कर दिया था।

डाक्टरों के अनुसार बसु के शरीर में कार्बन डाईऑक्साइड का स्तर बढ़ गया, उसके बाद से उन्हें पूरी तरह वेंटीलेटर पर रखा गया है। उनकी चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है

यहां सेंट जेवियर कॉलेज की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "हमारी दुआएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं और मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

प्रधानमंत्री बसु का कुशल क्षेम जानने गत सात जनवरी को एएमआरआई अस्पताल गए थे और उनके इलाज के लिए विशेषज्ञों की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद एएमआरआई अस्पताल के चिकित्सकों ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों से बसु की हालत के बारे में विचार-विमर्श किया था।

बसु का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे अमिताभ बच्चन वहां लगभग 30 मिनट तक रहे और बसु के लगातार बिगड़ रहे स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने चिंता जाहिर की।

अपनी फिल्म रन के प्रचार के सिलसिले में कोलकाता आए अमिताभ ने बसु की देखरेख कर रहे चिकित्सकों के साथ बातचीत की।

माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने संवाददाताओं को बताया, "उन्होंने अस्पताल की 9वीं मंजिल पर हम लोगों का इंतजार किया। उन्होंने बसु के शिघ्र स्वस्थ होने की कामना की और यहां से चले गए।"

अपनी पत्नी वृंदा करात के साथ अस्पताल पहुंचे माकपा महासचिव प्रकाश करात ने कहा कि बसु जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

बसु को गत एक जनवरी को निमोनिया की शिकायत के बाद कोलकाता के साल्टलेक स्थित एएमआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वर्ष 1914 में कोलकाता में जन्मे बसु जून 1977 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने थे। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने नवंबर 2000 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+