मलबे में लोगों के जिंदा बचे होने की उम्मीदें कम, राहत कार्य तेज
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार संयुक्त राष्ट्र ने पोर्ट-ओ-प्रिंस के इर्दगिर्द भोजन, पानी और दवाओं के वितरण के 15 केंद्र स्थापित किए हैं। शहर में हिंसा की खबरें बढ़ती जा रही हैं।
हैती के एकमात्र हवाई अड्डे की क्षमता में सुधार कर रही अमेरिकी सेना ने कहा कि उसके 4,200 जवान हैती में या उसके तट पर हैं और सोमवार अन्य 6,300 हैती पहुंचेंगे। एक विमानवाहक पोत, एक डेस्ट्रॉयर और करीब 24 हेलीकॉप्टर राहत कार्यो में सहायता दे रहे हैं।
हैती का शनिवार को दौरा करने वाली अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि सेना ने उत्तरी हैती के एक कंटेनर बंदरगाह 'केप हैतियन' का उपयोग आरंभ कर दिया है। इससे राहत सामग्री का वितरण तेज होगा। भूकंप से क्षतिग्रस्त पोर्ट-ओ-प्रिंस का बंदरगाह उपयोग करने लायक नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार मंगलवार को रिक्टर पैमाने पर 7.0 की तीव्रता के भूकंप से 50,000 लोगों की मौत हुई। यद्यपि यह कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। हैती की सरकार के अनुसार भूकंप में 100,000 से अधिक लोगों की मौत हुई।
शनिवार दोपहर आए भूकंप के एक झटके से पोर्ट-ओ-प्रिंस के लोगों के बीच घबराहट फैल गई। लोग अपने घरों से निकलकर भागने लगे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.5 थी। मंगलवार को तेज भूकंप के बाद आए कई झटकों में यह एक था।
बहरहाल मलबे में लोगों के जिंदा बचे होने की 72 घंटे की महत्वपूर्ण समय सीमा समाप्त होने के बाद लोगों को जीवित निकालने की बहुत कम खबरें सामने आ रही हैं। हैती के हवाई अड्डे के पूरी क्षमता से काम नहीं करने और खराब सड़कों के कारण अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications