दिल्ली में घना कोहरा, रेल और विमान सेवाएं प्रभावित
नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में रविवार सुबह घना कोहरा छाने की वजह से दृश्यता का स्तर घटकर 50मीटर से भी कम रह गया। जिसके कारण हवाई और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं।
भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, "सुबह नौ बजे दृश्यता 50मीटर से भी कम थी। " इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि घने कोहरे की वजह से पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। कोहरे के कारण कम से कम पांच उड़ाने रद्द करनी पड़ीं।
विमानों के उड़ान भरने और उतरने के लिए कम से कम 150 मीटर की दृश्यता होनी अनिवार्य है।
कोहरे का सबसे बुरा असर रेल सेवाओं पर पड़ा। इसके कारण करीब 50 रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुईं। वे या तो विलंब से चल रही हैं या उन्हें रद्द करना पड़ा।
उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "कम से कम पांच रेलगाड़ियों का समय बदला गया है। 13 रेलगाड़ियां तीन घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं और करीब 40 को कोहरे की वजह से रद्द करना पड़ा है।"
उन्होंने कहा कि सुबह के विलंब का रेलगाड़ियों की दिन भर की आवाजाही पर असर रहेगा।
रविवार सुबह का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के इस समय के लिहाज से औसत से अधिक है। अधिकतम तापमान के 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications