उप्र में सर्दी और घने कोहरे का कहर जारी
राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में पारा लुढ़करकर 4.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने रविवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि गत दिनों हुई बारिश के बाद नमी से पनपा कोहरा ऊपरी वायुमंडल पर छा गया है। उन्होंने आने वाले दो दिनों में घना कोहरा छाने और सर्दी के बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर राज्य सरकार ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य के सभी 71 जिलों के जिलाधिकारियों से कहा गया है कि 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
घने कोहरे ने रेल और हवाई यातायात को प्रभावित किया है। घने कोहरे को देखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से दिल्ली-लखनऊ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर, और बरेली-इलाहाबाद पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है।
दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से लखनऊ की तरफ आने वाली रेलगाड़ियां तीन से आठ घंटे की देरी से चल रही है। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ाने निर्धारित समय से कुछ देरी से पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications