स्पेन के नेता ने दी एफबीआई पर मुकदमे की चेतावनी
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार युनाइटेड लेफ्ट गठबंधन के प्रवक्ता गैस्पर लैमाजारेस ने कहा है कि यह घटना अमेरिकी खुफिया एजेंसी की क्षुद्रता को प्रदर्शित करती है। वह इस बात की व्याख्या करने की मांग करेंगे कि किसी राजनीतिज्ञ की तस्वीर एफबीआई की फाइलों में क्या कर रही है और उसे किसी आतंकी का चित्र बनाने में क्यों इस्तेमाल किया गया।
स्पेन के दैनिक समाचार पत्र 'अल मुंडो' ने खबर दी है कि एफबीआई ने शुक्रवार को अलकायदा नेता लादेन की कंप्यूटर द्वारा विकसित की गई कुछ तस्वीरें वितरित की थी। उन तस्वीरों में उसे उम्रदराज और छोटी दाढ़ी में दिखाया गया है। उसमें से एक तस्वीर में लैमाजारेस के चेहरे के ऊपरी हिस्से को इस्तेमाल किया गया है।
लैमाजारेस ने शनिवार को एक बयान में इस मामले को अति गंभीर बताते हुए कहा है कि वह अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की संभावना से इंकार नहीं करते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications