बुरैल जेल में सुरंगों को बंद करेगा जेल प्रशासन
चंडीगढ़, 17 जनवरी (आईएएनएस)। चंडीगढ़ की बुरैल जेल में 104 फीट लंबी सुरंग का प्रयोग पांच साल पहले खूखार आतंकवादियों ने भागने के लिए किया था। इस बात को संज्ञान में लेते हुए जेल प्रशासन अब इस जेल की सुरंग को भरने की कवायद में जुट गया है।
बब्बर खालसा आतंकवादी संगठन के आतंकवादी जगतार सिंह हवारा, जगतार सिंह तारा, परमजीत सिंह भौरा और इनका एक साथी देवी सिंह इस सुरंग का इस्तेमाल कर भाग चुके हैं। ये चारों खूंखार कैदी 21 और 22 जनवरी 2004 को रात में इसी रास्ते से बुरैल जेल से भाग निकले थे।
गौरतलब है कि केवल इसी सुरंग से नहीं बल्कि चार अन्य कैदी विभिन्न सुरंगों से भागने का प्रयास कर चुके हैं। उन सुरंगों को भी बंद किया जाएगा।
चंडीगढ़ के गृह सचिव राम निवास ने हाल ही में बुरैल जेल का निरीक्षण किया था। उन्होंने इन सुरंगों को बंद करने का निर्देश दिया है।
चंडीगढ़ के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) एन.पी.एस. रंधावा ने कहा, "इन सुरंगों को जल्दी ही भरा जाएगा। इंजीनियरिंग विभाग ने इन सुरंगों को कंकरीट से भरने को लेकर खर्च का एक ब्योरा दिया है। कम से कम तीन बैरकों में बनी सुरंगों को भरा जाएगा।"
अधिकारियों ने सुरंगों को बंद करने से पहले पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय से इजाजत मांगी थी। अदालत में जेल तोड़ने का मामला लंबित है। केंद्रीय जांच ब्यूरो, केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएसएफएल) और चंडीगढ़ पुलिस ने इसकी जांच की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications