रोसैया और नायडू ने भी बसु के निधन पर जताया शोक
बसु के निधन पर शोक प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री रोसैया ने कहा, "देश ने अपना एक ऐसा शीर्ष नेता खो दिया जिसने लोगों के दिलों पर राज किया, खासकर पश्चिम बंगाल के लोगों के दिलों पर। बसु का निधन सिर्फ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का ही नुकसान नहीं है, यह देश का नुकसान है।"
पूर्व मुख्यमंत्री व तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि बसु के निधन से उन्हें निजी नुकसान पहुंचा है। नायडू ने याद किया कि नेशनल फ्रन्ट के गठन के दौरान उन्होंने बसु के साथ बहुत करीब से काम किया था।
उन्होंने कहा, "मुझे ज्योति बसु के साथ काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं हमेशा उन्हें आदर्श श्रेणी में रखता हूं।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. श्रीनिवास, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव, प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के अध्यक्ष के. चिरंजीवी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बंडारू दत्तात्रेय सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी बसु के निधन शोक व्यक्त किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications