ज्योति बसु जैसा कोई और नहीं होगा : करात
नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने वयोवृद्ध नेता ज्योति बसु के निधन पर शोक प्रकट करते हुए रविवार को कहा, "ज्योति बसु जैसा फिर कोई नहीं होगा।"
करात ने कहा कि बसु माकपा, वामपंथी आंदोलन और देश के एक महान नेता थे। उनके निधन से एक युग का अंत हो गया। ज्ञात हो कि वह करात ही थे जिन्होंने बसु को 1996 में देश का प्रधानमंत्री बनने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा, "70 साल के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक गतिविधियों के बाद वह देश के सबसे प्रसिद्ध वामपंथी नेता बने। वामपंथ के प्रति समर्पित बसु स्वतंत्र भारत के उन नेताओं में थे जिन्होंने लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता को वास्तविक मजबूती दी तथा आम आदमी को भारतीय राजनीति के केंद्र में लाने में अहम भूमिका निभाई।"
"23 वर्षो तक पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने भूमि सुधार के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान दिया और लाखों लोगों को इसका फायदा पहुंचाया। उन्होंने पंचायत संस्थाओं को मजबूती दी और राज्य में धर्मनिरपेक्षता का माहौल बनाया।"
करात ने कहा, "बसु ने वामपंथियों को यह पाठ पढ़ाया कि संसदीय मंचों में पर कैसे काम किया जाता है और इसके जरिए कैसे जनता की सेवा की जाती है। वह वामपंथी आंदोलन, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्ष ताकतों के द्योतक थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications