कांग्रेस की कोर समिति में तेलंगाना और नए राज्यपालों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस की कोर समिति की शुक्रवार की शाम आयोजित बैठक में छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और तेलंगाना राज्य के गठन के मुद्दे पर चर्चा की गई। लेकिन चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।
कोर समिति में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री प्रणब मुखर्जी, पी.चिदंबरम और ए.के.एंटनी तथा कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल शामिल हैं। इन नेताओं ने बैठक के दौरान आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए राज्यपालों के नामों पर चर्चा की। महाराष्ट्र और पंजाब के राज्यपालों के कार्यकाल भी समाप्त हो चुके हैं और उन्हें भी बदले जाने की संभावना है।
कांग्रेस के एक शीर्ष पदाधिकारी ने कहा, "शनिवार को समिति की फिर से बैठक हो सकती है और नामों से संबंधित औपचारिक घोषणा कुछ दिनों के भीतर की जा सकती है।"
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि बैठक में नए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई, क्योंकि वर्तमान एनएसए एम.के.नारायणन को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा सकता है।
पूर्व विदेश सचिव शिवशंकर मेनन का नाम एनएसए के पद के लिए सबसे आगे बताया जाता है।
कोर समिति ने पृथक तेलंगाना राज्य के गठन पर संवाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के तरीके पर भी चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications