टाटा सफारी से 6 काले हिरणों की खालें बरामद, एक हिरासत में
सिवनी, 15 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वन विभाग के एक दस्ते ने तलाशी के दौरान एक टाटा सफारी से छह काले हिरणों की खाल बरामद की है। इस मामले में वन विभाग ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
सिवनी के वन मंडलाधिकारी ए.के. भूगांवकर ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, "फोन के माध्यम से सूचना मिली थी काले हिरणों का शिकार कर एक टाटा सफारी से उनकी खाल ले जाई जा रही है। यह फोन छिंदवाड़ा से किया गया था।"
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर कई वाहनों की तलाशी ली गई, मगर कुछ भी हासिल नहीं हुआ। बाद में फिर उन्हें फोन आया कि एक टाटा सफारी में खालें रखी गई हैं। उस वाहन के खड़े होने के स्थान के बारे में भी जानकारी दी गई। जब वन विभाग के दस्ते ने उस वाहन की तलाशी ली तो उसमें से छह काले हिरणों की खालें बरामद की गईं। यह खालें चार से पांच दिन पुरानी हैं।
भूगांवकर को आशंका है कि यह किसी को फंसाने के लिए साजिश रची गई है क्योंकि उनके पास जो फोन आए वह छिंदवाड़ा की एक लॉज से किए गए थे। जब पता लगाया गया तो वह व्यक्ति लॉज से जा चुका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications