आतंकवादी उमर ने किए महत्वपूर्ण खुलासे
क्रिसमस के दिन डेट्रॉयट के ऊपर अमेरिकी विमान में विस्फोट का विफल प्रयास करने वाले आतंकवादी उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किये हैं। नाइजीरिया के इस संदिग्ध आतंकवादी ने पूछ-ताछ के दौरान जांचकर्ताओं को बताया कि यमन में अन्य 20 मुस्लिमों को भी ऐसे ही हमलों के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आरंभिक जांच में सामने आया कि अलकायदा की यमन स्थित शाखा ने हमले का षड्यंत्र रचा था। अमेरिका की विमानन कंपनी डेल्टा/नार्थवेस्ट एयरलाइंस की उड़ान में पीईटीएन विस्फोटक में गड़बड़ी के कारण ही यह योजना सफल नहीं हो सकी।
इसके घटना के बाद 14 देशों से अमेरिका आने वाली उड़ानों में सवार होने वाले यात्रियों की सुरक्षा जांच को कड़ा कर दिया गया है। सीबीएस के अनुसार एफबीआई एजेंटों का एक दल घाना भेजा गया है। अब्दुल मुतल्लब ने यमन में पांच महीने बिताने के बाद अमेरिका के लिए अपनी यात्रा घाना से शुरू की थी।
अमेरिकी जांचकर्ताओं का मानना है कि अब्दुल मुतल्लब घाना की राजधानी अक्रा में अलकायदा के किसी आतंकवादी से मिला जिसने उसे पीईटीएन विस्फोटक दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications