लंदन में लुटेरों ने एक भारतीय की चाकू घोंप की हत्या की
लंदन, 10 जनवरी (आईएएनएस)। लंदन में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं में एक भारतीय को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। यह व्यक्ति भाग रहे लुटेरों से भिड़ गया था और लुटेरों ने चाकू गोद कर उसकी हत्या कर दी।
सिख समुदाय के इस व्यक्ति ने लंदन में एक महिला का बैग छीन कर भाग रहे लुटेरों का पीछा किया था। ब्रिटिश पुलिस ने इस बहादुर भारतीय को 'हीरो' की संज्ञा दी है।
सुखविंदर सिंह (31) को शुक्रवार की रात लुटेरों ने उस समय चाकू घोंप कर मार डाला, जब उसने उन लुटेरों का पीछा किया जिन्होंने लंदन के पूर्वी उपनगर, बार्किं ग में एक 28 वर्षीय महिला पर हमला बोल दिया था।
कई अवासीय गलियों में लुटेरों का पीछा करने के बाद सिंह ने दोनों को पकड़ लिया और उसके बाद लुटेरों और सिंह के बीच लड़ाई शुरू हो गई, जिसमें सिंह बुरी तरह घायल हो गए। बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने सिंह को हीरो की संज्ञा दी है, जिन्होंने बहादुरी के साथ अपने समुदाय में अपराध रोकने की कोशिश की और उसके लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। सिंह एक बच्चे के पिता थे।
स्थानीय खबरों में कहा गया है कि सिंह बिट्ट के नाम से भी जाने जाते रहे हैं। वह लंदन के बार्किं ग उपनगर में पिछले 10 वर्षो से अपने चचेरे भाइयों के साथ रह रहे थे।
पुलिस ने सिंह के हत्यारों के बारे में सूचना देने के लिए लोगों से अपील की है। हत्यारों को अश्वेत बताया गया है। उनकी उम्र 20 या 30 वर्ष के आसपास है।
स्थानीय प्रशासन में काउंसलर निर्मल सिंह गिल ने कहा, "सिख समुदाय में वह बहुत चर्चित व्यक्ति थे और उनकी मौत से हर कोई सकते में है। यह हर किसी के लिए एक बड़ा नुकसान है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
