चण्डीगढ़, पंजाब और हरियाणा घने कोहरे की चपेट में
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब, हरियाणा के अधिकतर हिस्सों सहित चण्डीगढ़ में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के चलते इस क्षेत्र में दृश्यता 100 मीटर तक पहुंच गई। उन्होंने मौसम के मौजूदा रुख के आने वाले दिनों में जारी रहने की आशंका जाहिर की है।
चण्डीगढ़ पुलिस ने गाड़ी चालकों के लिए यातायात सलाह जारी की है। सलाह में कोहरे में गाड़ी धीमी गति से चलाने और ओवरटेकिंग से बचने के लिए कहा गया है। साथ ही वाहन चलाते वक्त बत्ती जला कर रखने को भी कहा गया है।
अमृतसर में रविवार को न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री कम 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो क्षेत्र में सबसे कम है।
केंद्र शासित क्षेत्र चण्डीगढ़ में कंपकपा देने वाली सर्दी रही और न्यूनतम तापमान औसत से चार डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
हरियाणा के अम्बाला, करनाल और हिसार में रविवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5 डिग्री, छह डिग्री और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चण्डीगढ़ रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकतर गाड़ियां देरी से चल रही हैं जिसके वजह से सैकड़ों मुसाफिर स्टेशन पर फंसे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications